बहरियाबाद (गाजीपुर) पुनित त्रिपाठी। क्षेत्र की उभरती हुई महिला पहलवान अर्चना कुमारी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इंटर कॉलेज ईशोपुर रामपुर की कक्षा 10 की छात्रा अर्चना कुमारी का चयन उत्तर प्रदेश सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय कुश्ती छात्रावास, अयोध्या में प्रशिक्षण के लिए हुआ है। चयन की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई।
इंटर कॉलेज ईशोपुर रामपुर के प्रबंधक एवं गाजीपुर कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष जय सिंह पप्पू ने बताया कि अर्चना ने लगातार कठिन परिश्रम और अनुशासित अभ्यास के बल पर यह सफलता प्राप्त की है।
मुलायम सिंह रामकरन दादा स्पोर्ट्स एकेडमी के निदेशक आशीष यादव राहुल ने बताया कि अब अर्चना को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आवासीय प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। उनके रहने, खान-पान तथा अभ्यास की पूरी व्यवस्था निःशुल्क होगी। आधुनिक खेल संसाधनों और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर क्षेत्र और जनपद का नाम रोशन करेंगी।
उन्होंने बताया कि अर्चना अब तक कुश्ती कोच राम आशीष यादव के निर्देशन में मिट्टी के अखाड़े में नियमित अभ्यास करती रही हैं। उनकी लगन और संघर्ष का ही परिणाम है कि उन्हें प्रदेश के प्रतिष्ठित कुश्ती छात्रावास में स्थान मिला है।
अर्चना की इस उपलब्धि पर जिला विद्यालय निरीक्षक प्रकाश सिंह, पूर्व विधान परिषद सदस्य डा. विजय यादव, पूर्व प्रधान अजय यादव, क्रीड़ा अधिकारी गाजीपुर देवी लाल यादव, कोच गोरख नाथ यादव सहित खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अर्चना की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी और खेलों के प्रति उनका उत्साह बढ़ाएगी।
अर्चना का अयोध्या कुश्ती छात्रावास में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर
Related Posts
Add A Comment

