दुबहड़, बलिया। अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दुबहड़ पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 90 शीशी अवैध देशी शराब बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना दुबहड़ पुलिस टीम ने क्षेत्र में चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 17 जून 2026 को थाना दुबहड़ पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण एवं संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पुल के पास जनेश्वर मिश्र सेतु मार्ग, ग्राम जनाड़ी क्षेत्र से एक युवक को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया।
तलाशी के दौरान युवक के पास से देशी शराब “बन्टी-बबली” 200 एमएल की 90 शीशियां बरामद हुईं, जिसकी कुल मात्रा 18 लीटर बताई गई है। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर नियमानुसार सील कर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पियूष कुमार गुप्ता (22) पुत्र कृष्णा गुप्ता निवासी बस्ती बुजुर्ग, थाना सिकन्दरपुर, जनपद बलिया के रूप में हुई। इस मामले में थाना दुबहड़ पर मुकदमा संख्या 57/2026 धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

