बलिया, 23 मई। आगामी गंगा दशहरा, बकरीद सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंगला प्रसाद सिंह ने कहा कि सभी त्योहार परंपरागत तरीके से और आपसी भाईचारे के साथ मनाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में कोई नई परंपरा शुरू नहीं होने दी जाएगी तथा किसी की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि बकरीद की नमाज केवल मस्जिदों और ईदगाहों के भीतर ही अदा की जाएगी, सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ी जाएगी।
डीएम ने नगर निकायों और ग्राम पंचायत अधिकारियों को मस्जिदों एवं ईदगाहों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को जर्जर तारों और खंभों को दुरुस्त करने तथा खाद्य सुरक्षा विभाग को नकली खोया, मिठाई, मेवा एवं पनीर के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ओमवीर सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक या फर्जी सूचना की तत्काल जानकारी प्रशासन अथवा नजदीकी थाने को दी जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठक आयोजित करने और मिश्रित आबादी वाले इलाकों में लगातार पैदल गश्त एवं रूट मार्च करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत पुलिस टीमों द्वारा प्रमुख चौराहों, बाजारों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की सघन जांच की जा रही है। आमजन एवं धर्मगुरुओं से संवाद कर शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील भी की जा रही है।
आगामी त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, डीएम-एसपी ने की पीस कमेटी बैठक
Related Posts
Add A Comment

