हापुड़ (मनीष कुमार) श्री जगन्नाथ रथ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए हापुड़ पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। गुरुवार को निकली भव्य रथ यात्रा के दौरान पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने स्वयं नगर क्षेत्र में निर्धारित शोभायात्रा मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। वह पुलिस बल के साथ यात्रा के दौरान लगातार मौजूद रहे तथा अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर धार्मिक उत्साह के साथ सहभागिता की। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। यातायात व्यवस्था को भी सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
पुलिस टीम ने यात्रा के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को जेबकतरों, चेन स्नेचरों और अन्य असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया गया।
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया “श्री जगन्नाथ रथ यात्रा जनपद का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है। हमारी पहली प्राथमिकता रही कि सभी श्रद्धालु पूरी सुरक्षा और सहज वातावरण में भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर सकें। इसी उद्देश्य से रथ यात्रा शुरू होने से पहले पूरे यात्रा मार्ग का स्वयं निरीक्षण किया गया और प्रत्येक संवेदनशील स्थान पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई। सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे पूरी सतर्कता, संयम और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें।”
“यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस लगातार लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को जेबकतरे, चेन स्नेचर और अन्य असामाजिक तत्वों से सतर्क रहने के लिए जागरूक करती रही। सीसीटीवी कैमरों और पुलिस टीमों के माध्यम से पूरे यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को समय रहते रोका जा सके।”
“मैं सभी श्रद्धालुओं, आयोजकों, स्वयंसेवकों तथा जनपदवासियों का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग किया। सभी के सहयोग और पुलिस की सतर्कता के कारण श्री जगन्नाथ रथ यात्रा पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुई। भविष्य में भी जनपद में होने वाले सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों को इसी प्रकार सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।”

