ओबरा/सोनभद्र। आशीष मिश्रा। साईं हॉस्पिटल ब्लड सेंटर के सौजन्य से रविवार को ओबरा स्थित शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज परिसर में एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर में जहाँ युवाओं ने बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई, वहीं बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह के साथ स्वेच्छा से रक्तदान कर मिसाल पेश की। इस शिविर का मुख्य ध्येय आमजन को नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक करना और अस्पतालों व ब्लड बैंकों में जरूरतमंद मरीजों के लिए समय पर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करना रहा। शिविर में रक्तदान करने पहुँचे युवाओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। इस दौरान आकाश कुमार ने जीवन में पहली बार रक्तदान किया। रक्तदान के पश्चात अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा रक्तदान मानव सेवा और मानवता का अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को आगे आकर नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि संकट और जरूरत के समय हमारे द्वारा दिया गया यह रक्त किसी का जीवन बचाने में संजीवनी साबित हो सकता है। उन्होंने समाज में रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों और अंधविश्वासों को दूर कर अधिक से अधिक लोगों से इस पावन कार्य में सहभागी बनने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य मुकुंद गौड़, प्रमोद चौबे, राजेश मिश्रा एवं श्याम जी पाठक सहित विद्यालय के तमाम शिक्षक व कर्मचारी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से सभी स्वैच्छिक रक्तदाताओं का माल्यार्पण व उत्साहवर्धन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
शिविर के आयोजकों एवं डॉक्टरों की टीम ने कहा कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति निरंतर जागरूकता बढ़ाना बेहद आवश्यक है। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से गंभीर बीमारियों, दुर्घटनाओं और आपातकालीन स्थिति से जूझ रहे मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है। शिविर के सफल आयोजन के माध्यम से ओबरा नगर में निस्वार्थ सेवा, मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का एक नया संदेश दिया गया।
ओबरा साईं हॉस्पिटल ब्लड सेंटर ने लगाया रक्तदान शिविर युवाओं संग बुजुर्गों ने भी उत्साह से किया रक्तदान
Related Posts
Add A Comment

