करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। करीमुद्दीनपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार से लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बलिया एक्सप्रेस के दो मिनट के प्रायोगिक ठहराव की शुरुआत हुई। कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने दोपहर 1:13 बजे बलिया-एलटीटी एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर ठहराव का शुभारंभ किया। इस दौरान सांसद सनातन पांडेय, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सहित रेलवे अधिकारी और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
ट्रेन संख्या 11072 दोपहर 1:13 बजे स्टेशन पहुंचेगी और 1:15 बजे रवाना होगी, जबकि 11071 रात 9:53 बजे पहुंचकर 9:55 बजे रवाना होगी।
ठहराव के साथ सुविधाओं की मांग: क्षेत्रीय यात्रियों ने कोरोना काल से बंद 55133/55134 पैसेंजर ट्रेन की बहाली, छपरा-औड़िहार डीएमयू को वाराणसी सिटी तक चलाने, प्लेटफार्म पर शौचालय-मूत्रालय व पीपी सेंटर की व्यवस्था तथा फुट ओवरब्रिज की सीढ़ियों के निर्माण की मांग रखी। साथ ही ताजपुर स्टेशन का दर्जा बहाल करने की मांग भी उठी।
किसानों ने मंत्री के समक्ष मंगई नदी से जलभराव की गंभीर समस्या रखी। किसान नेता मृत्युंजय राय ने स्थायी समाधान की मांग की। मंत्री ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय समेत बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
Related Posts
Add A Comment

