दुल्लहपुर (गाजीपुर): जखनिया विकासखंड के ओड़राई ग्राम सभा में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार के 21 वर्षीय पुत्र की जहरीले कोबरा सांप के डसने से मौत हो गई। युवक की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओड़राई गांव निवासी सरकारी सस्ते गल्ले के दुकानदार नारद गोड़ के पुत्र अभिषेक गोड़ बुधवार की भोर करीब चार बजे घर से शौच-पेशाब के लिए उठे थे। इसी दौरान अंधेरे में उनका पैर एक कोबरा सांप पर पड़ गया, जिससे सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के काटते ही अभिषेक ने शोर मचाकर परिजनों को इसकी जानकारी दी।
परिजन तत्काल उन्हें उपचार के लिए मऊ स्थित फातिमा अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन जहरीले सांप का विष शरीर में तेजी से फैल जाने के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
बताया जाता है कि अभिषेक तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे छोटे थे तथा कक्षा 11 के छात्र थे। उनकी अचानक हुई मौत से मां मंशा देवी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों ने बाद में उस जहरीले कोबरा सांप को भी पकड़ लिया।
इस दुखद घटना पर ग्राम प्रधान गुड्डू राजभर, कोटेदार रमाशंकर चौहान, महेश राम, अशोक यादव समेत क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोगों ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं ।
कोबरा के डसने से 21 वर्षीय युवक की मौत, ओड़राई गांव में पसरा मातम
Related Posts
Add A Comment

