गाजीपुर।20 जून 2026। उत्तर प्रदेश खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन, गाजीपुर के बैनर तले शनिवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर पार्क से नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला और सरजू पांडे पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच एवं पीड़ितों को न्याय दिलाने की मांग की।
धरने के दौरान यूनियन नेताओं ने कमलेश बिंद के कथित एनकाउंटर की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग उठाई। इसके अलावा जखनियां क्षेत्र के ग्राम सराय गोकुल निवासी भय राम यादव के परिवार पर फर्जी दलित उत्पीड़न अधिनियम के तहत कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की गई। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बाप-दादा की डीह एवं गोदनामा भूमि से जुड़े दीवानी विवाद के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस की मिलीभगत से विपक्षी पक्ष को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
धरने में थाना बहरियाबाद क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर उमरवशी नादेपुर की पूनम देवी के मामले को भी उठाया गया। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि विपक्षी पक्ष के प्रभाव में आकर पुलिस ने पूनम देवी के परिवार की आबादी की भूमि पर कब्जा कराने का प्रयास किया तथा उन पर हमला करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। साथ ही हमलावरों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई।
धरने की अध्यक्षता कामरेड रामअवध राम ने की। इस अवसर पर यूनियन के जिला उपाध्यक्ष बी.बी. सिंह ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अपराध पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने की बात कही। उन्होंने शादियाबाद एवं बहरियाबाद पुलिस के कार्यों की आलोचना करते हुए संबंधित थानों के घेराव की चेतावनी भी दी।
जिला मंत्री वीरेंद्र कुमार गौतम ने कहा कि वनवासी, मुसहर, आदिवासी, अति पिछड़े, अल्पसंख्यक तथा गरीब तबकों को आज तक आवास एवं खेती योग्य भूमि का समुचित वितरण नहीं हो सका है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिले में अंत्योदय राशन कार्डों के नाम बड़े पैमाने पर काटे जा रहे हैं तथा राशन वितरण में भी अनियमितताएं हो रही हैं। उन्होंने गरीबों के हितों की रक्षा के लिए व्यापक आंदोलन चलाने की घोषणा की।
धरने में बड़ी संख्या में यूनियन पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
खेत एवं ग्रामीण मजदूर यूनियन का धरना-प्रदर्शन, विभिन्न मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग
Related Posts
Add A Comment

