बेल्थरा रोड, बलिया। जनपद के थाना उभांव पुलिस ने 16 मई 2026 को घाघरा नदी में मिले युवती के शव के मामले का सफल अनावरण करते हुए आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण एवं साक्ष्य मिटाने के आरोप में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन को भी सीज कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्री दिनेश कुमार शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी रसड़ा श्री आलोक कुमार गुप्ता के पर्यवेक्षण में थाना उभांव पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 16 मई को करीमगंज स्थित घाघरा नदी में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की सहायता से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती की मौत फांसी लगने से होना पाया गया। बाद में शव की पहचान थाना भीमपुरा क्षेत्र के नवादा निवासी 19 वर्षीय निशा पुत्री विसेश्वर के रूप में हुई।
विवेचना के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि निशा किसी युवक से प्रेम करती थी और उसी से विवाह करना चाहती थी। परिवार के लोग उसकी शादी अन्यत्र करना चाहते थे, जिसको लेकर उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवती ने 16 मई की सुबह घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक घटना के बाद मुकदमे और पुलिस कार्रवाई के भय से पिता, चाचा तथा अन्य सहयोगी ने शव को बोलेरो वाहन से करीमगंज घाट ले जाकर घाघरा नदी में फेंक दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
इस मामले में थाना उभांव पर मु0अ0सं0 100/2026 धारा 108 एवं 238बी बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार सुबह भीमपुरा-मालीपुर मार्ग से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में पिता विसेश्वर, चाचा परशुराम, श्रीपति प्रसाद तथा वाहन चालक इन्दल कुमार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से आत्महत्या में प्रयुक्त रस्सी बरामद की तथा बोलेरो वाहन संख्या UP54Q8676 को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह, उपनिरीक्षक देवी प्रसाद मिश्र, आरक्षी कृष्णा प्रजापति तथा आरक्षी दीपक कुमार यादव शामिल रहे।
घाघरा नदी में मिली युवती के शव मामले का पुलिस ने किया खुलासा, 4 गिरफ्तार
Related Posts
Add A Comment

