मऊ। पुलिस अधीक्षक मऊ श्री कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दोहरीघाट पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी की पांच ई-रिक्शा बैटरियों के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक मऊ एवं क्षेत्राधिकारी घोसी के नेतृत्व में थाना दोहरीघाट पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र में पंजीकृत मुकदमा संख्या 114/26, धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की गई ई-रिक्शा बैटरियों को बेचने की फिराक में थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों में हरेंद्र पाण्डेय पुत्र हरिकृष्ण पाण्डेय निवासी कनेरी थाना फूलपुर जनपद आजमगढ़ तथा मन्नू कुमार पुत्र हरेंद्र प्रसाद निवासी ग्राम काठ तराव थाना रामपुर जनपद मऊ शामिल हैं। दोनों को रामपुर धनौली क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की पांच ई-रिक्शा बैटरियां बरामद की हैं। मामले में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूर्ण कर अभियुक्तों का चालान न्यायालय भेज दिया गया।
मऊ पुलिस ने बताया कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Related Posts
Add A Comment

