ओबरा/सोनभद्र (19 जुलाई 2026)। पतंजलि योग परिवार सोनभद्र के तत्वावधान में चलाए जा रहे विशेष पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण अभियान के तहत रविवार को ओबरा स्थित श्रद्धानन्द गोस्वामी पब्लिक स्कूल में एक अनूठा और प्रेरणादायक कार्यक्रम आयोजित किया गया। अवसर था विद्यालय के छात्र उत्कर्ष के जन्मदिवस का, जिसे पाश्चात्य तौर-तरीकों से दूर रहकर विशुद्ध भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और प्रकृति संरक्षण के रंग में मनाकर बच्चों को एक नया संदेश दिया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में औषधीय एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया और उपस्थित बच्चों को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित योग गुरु वीरेंद्र योगी ने बच्चों को सनातन संस्कृति के महत्व से परिचित कराते हुए कहा आजकल जन्मदिन पर केक काटने और मोमबत्तियां बुझाने का चलन बढ़ गया है, जो हमारी संस्कृति का हिस्सा नहीं है। अपने जन्मदिन के शुभ अवसर पर बच्चों को सुबह उठकर हनुमान जी महाराज की आराधना करनी चाहिए और अपने माता-पिता के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लेना चाहिए। इस पावन दिन पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। फलदार और छायादार पौधे लगाने से न केवल हमारी धरती हरी-भरी रहेगी, बल्कि ये पौधे लोगों को जीवनदायिनी ऑक्सीजन, मीठे फल और शीतल छांव प्रदान करेंगे। राहगीरों को धूप और पानी से बचाएंगे, जिससे अनजाने में ही आपको ढेरों दुआएं और आशीर्वाद प्राप्त होंगे, जो आपकी आयु और समृद्धि को बढ़ाएंगे।कार्यक्रम में उपस्थित पतंजलि योग परिवार की महिला विंग और योग शिक्षिकाओं ने बच्चों को प्रकृति से जोड़ने के लिए एक सामूहिक शपथ दिलाई। पतंजलि की जिला प्रभारी ममता, योग शिक्षक खुशी वर्मा, चोपन की योग शिक्षक पुष्पांजलि तथा अंजलि ने संयुक्त रूप से सभी छात्र-छात्राओं को संकल्प कराया कि वे भविष्य में अपने प्रत्येक जन्मदिन पर अनिवार्य रूप से एक पौधा लगाएंगे और उसके बड़े होने तक उसकी देखभाल करेंगे। जन्मदिन को और अधिक खास और स्वदेशी रंग देने के लिए उपस्थित बच्चों को पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड द्वारा निर्मित पंचगव्य साबुन भेंट स्वरूप प्रदान किए गए। सभी ने छात्र उत्कर्ष को वैदिक रीति से जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में संपूर्ण वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर करने के लिए सभी बच्चों और शिक्षकों ने एक सुर में गायत्री मंत्र का सामूहिक जाप किया। उपस्थित योग साधकों ने करें योग, रहें निरोग के उद्घोष के साथ बच्चों को दैनिक जीवन में योग अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।
जन्मदिन पर केक काटने के बजाय रोपे पौधे ओबरा के श्रद्धानन्द गोस्वामी स्कूल में पतंजलि परिवार ने दिया पर्यावरण और संस्कृति का अनूठा संदेश
Related Posts
Add A Comment

