भांवरकोल (गाजीपुर)। जिला प्रशासन का ध्यान एक गंभीर मामले की ओर आकृष्ट कराया गया है। आरोप है कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) गाजीपुर शाखा की लापरवाही के कारण आपदा सहायता से संबंधित लाभार्थी पुष्पा देवी का चेक यह कहकर वापस कर दिया गया कि उस पर जिलाधिकारी के हस्ताक्षर मेल नहीं खा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, 20 मई 2026 को जिलाधिकारी के हस्ताक्षर अपडेट कराने के लिए आवश्यक दस्तावेज बैंक में जमा कर दिए गए थे, लेकिन लगभग एक माह बीत जाने के बाद भी बैंक द्वारा हस्ताक्षर अपडेट नहीं किए गए। इसके चलते लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा और चेक बाउंस होने की घटनाएं सामने आईं।
बताया गया कि बाद में जिला सचिवालय से जिलाधिकारी के हस्ताक्षर संबंधी पत्र प्राप्त कर बैंक में पुनः जमा कराया गया, जिसके बाद आपदा राहत खाते में हस्ताक्षर अपडेट किए गए और चेक स्वीकार हुआ। इस घटना के बाद बैंक की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। लोगों का कहना है कि जब जिलाधिकारी जैसे उच्च अधिकारी के हस्ताक्षर समय से अपडेट नहीं किए गए तो आम खाताधारकों की समस्याओं का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।
मामले में सचिवालय की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि बैंक और संबंधित विभागों के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला सचिव एवं भावी जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी जितेश कुमार ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की जांच कराई जाए तथा लापरवाही बरतने वाले बैंक कर्मियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाए। उन्होंने आशंका जताई कि जिले में आपदा राहत से जुड़े अन्य लाभार्थियों के चेक भी इसी कारण बाउंस हुए होंगे, इसलिए पूरे मामले की जांच कर प्रभावित लोगों को राहत दिलाई जानी चाहिए।
डीएम के हस्ताक्षर अपडेट न होने से चेक बाउंस, बैंक की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
Related Posts
Add A Comment

