गाजीपुर। शहर से सटे फुल्लनपुर क्षेत्र की काली नगर कॉलोनी में हाल ही में निर्मित आरसीसी नाली लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की गई है, जिसके चलते सड़क का स्तर नाली से नीचे हो गया है और बरसात व जल निकासी का पूरा पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है।
बताया जा रहा है कि क्षेत्र में कई स्थानों पर क्रॉस नालियों का भी निर्माण कराया गया है, लेकिन उनकी ऊंचाई अधिक होने तथा उचित स्लोपिंग न बनाए जाने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। सड़क पर पानी भरने से राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है तथा आए दिन लोग फिसलकर चोटिल भी हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नाली निर्माण के बाद ठेकेदार द्वारा किनारों पर मिट्टी भराई नहीं कराई गई और न ही क्रॉस नालियों पर आवागमन के लिए आवश्यक ढलान बनाई गई। इसके चलते फुल्लनपुर से राममूर्ति डॉक्टर होते हुए रौजा ओवरब्रिज तक का लिंक मार्ग प्रभावित हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई स्थानों पर नालियां ओवरफ्लो होकर पानी सीधे सड़क पर छोड़ रही हैं, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य में जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा उचित निगरानी नहीं की गई, जिसके कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर निर्माण कार्य की जांच कराने तथा जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
Related Posts
Add A Comment

