भदोही 17 मई 2026- शासन के मंशानुरूप जनशिकायतो के त्वरित निस्तारण एवं कार्यवाही के दृष्टिगत ‘‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’’ जनपद के सभी तहसीलों में आयोजित किया गया। तहसील औराई में विंध्याचल मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आर0पी0सिंह, अपर जिलाधिकारी वि0 रा0 कुंवर वीरेन्द्र मौर्य, सीएमओ डॉ संतोष कुमार चक, उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि त्रिपाठी, तहसील ज्ञानपुर में उप जिलाधिकारी भानसिंह, तहसील भदोही में उप जिलाधिकारी अरुण गिरि अन्य अधिकारियो द्वारा सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित होकर फ़रियादियों की समस्याओ को गंभीरता से सुन कर निस्तारण किया गया।
सभी तहसीलों में जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम मेें लगायें गये विभिन्न कैम्पो- बाल विकास पुष्टाहार विभाग, आयुष्मान गोल्डेन कार्ड, परिवार नियोजन, समाज कल्याण विभाग द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, महिला कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के उन्ययन हेतु विविध योजना मिशन शक्ति, राजस्व विभाग हेल्प डेस्क, जागरूकता हेतु लगाये गये। तहसील औराई में मण्डलायुक्त व आईजी ने निरीक्षण करते हुयें उनके द्वारा लाभार्थियों को दी जाने वाली योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी ली।
मण्डलायुक्त के समक्ष विभिन्न विभागो से सम्बन्धित तहसील औराई में फरियादियो के द्वारा कुल 32 समस्याओ से अवगत कराया गया। जिसमें से मंडलायुक्त व पुलिस महानिरीक्षक द्वारा 06 प्रार्थना पत्रो को मौके पर ही निस्तारित करते हुये शेष 26 प्रार्थना पत्रो को सम्बन्धित विभाग के अधिकारियो को निर्धारित समय सीमा के अन्दर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर विंध्याचल मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने कहा कि उप जिलाधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार अपने-अपने कोर्टाे के लंबित मुकदमों का गुणवत्तापरक व ससमय निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि मुकदमे के सुनवाई के लिए आम इंसान व किसान दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी आशा के साथ आते हैं,उनके केसों को जल्द ही डिस्पोजल किया जाए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि देश व प्रदेश में जो इन्नोवेशन/नवाचार कार्य हो रहे हैं वह अपने यहां भी क्रियान्वित करें ।
पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह ने कहा कि राजस्व संबंधित मामलों में कानूनगो ,लेखपाल व पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण, सत्यापन कर एक हफ्ते के अन्दर निस्तारण करने का निर्देश दिया। संयुक्त टीम मौके पर जाकर दोनो पक्षों व गवाहों के साक्ष्य लेते हुए स्पॉट नोट तैयार कर उसपर हस्ताक्षर कराये। उन्होंने सभी तहसीलदारों को निर्देशित किया कि जो मामले या विवाद बार बार आ रहे है,उनकी सूची बनाकर पुलिस के साथ मिलकर मामले का निस्तारण करना सुनिश्चित करायें। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर तीनों तहसील में उपर्युक्त अधिकारियों द्वारा कुछ फरियादियों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करते हुए शेष निस्तारण के लिए सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस तहसील भदोही में प्राप्त कुल 36 शिकायतों में 06 का त्वरित निस्तारण, तहसील ज्ञानपुर में कुल प्राप्त 47 शिकायतों में से 06 का त्वरित निस्तारण किया गया।

