जखनियां, गाजीपुर।जखनियां तहसील स्थित उपजिलाधिकारी कार्यालय में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कार्यालय में कार्यरत स्टेनो सुमंत कुमार को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई और उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमंत कुमार अपने कार्यालय में नियमित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन्हें तेज पेट दर्द की शिकायत हुई और उनकी हालत बिगड़ने लगी। सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए मऊ स्थित फातिमा अस्पताल में भर्ती कराया।
उपजिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि शुरुआत में पेट दर्द की शिकायत के आधार पर उपचार शुरू किया गया था, लेकिन अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि उन्हें सांप ने काटा है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद तहसील परिसर में सांप की मौजूदगी को लेकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई। उपजिलाधिकारी के निर्देश पर सांप को पकड़ने के लिए सपेरे को बुलाया गया और कार्यालय परिसर में काफी खोजबीन की गई, लेकिन सांप का कोई सुराग नहीं मिल सका।
फिलहाल सुमंत कुमार की हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है तथा तहसील प्रशासन द्वारा भी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

