दुद्धी/सोनभद्र। अजीत प्रताप सिंह। अखिल भारतीय जागरण सुधार मंडल दुद्धी के तत्वावधान में सोमवार, 10 अगस्त 2026 को दुद्धी तहसील क्षेत्र में एक भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर मां किरन नंद गिरी अपनी पूरी टीम के साथ मंडल की संरक्षक गुरु माता रीना देवी (बेबी बंगाली) के निवास स्थान पर पहुँचीं।
आवास पर आगमन के पश्चात महामंडलेश्वर मां किरन नंद गिरी एवं उनके साथ आए साधु-संतों व अतिथियों द्वारा विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न कराया गया। इसके उपरांत सनातन धर्म के उत्थान, धर्म प्रचार एवं सामाजिक समरसता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर मां किरन नंद गिरी ने कहा कि सनातन धर्म की जड़ों को मजबूत करने और भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आपसी एकता और भाईचारे के साथ मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा हम सभी को एकजुट होकर सनातन धर्म और संस्कृति के संरक्षण हेतु निरंतर कार्य करना होगा। स्वयं को धर्म प्रचारक के रूप में समर्पित करते हुए हमारा लक्ष्य समाज में धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना है। इस दौरान उन्होंने उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सनातन धर्म के संवर्धन एवं आध्यात्मिक माहौल के निर्माण के लिए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की मेज़बान एवं मंडल की संरक्षक गुरु माता रीना देवी (बेबी बंगाली) ने अपने आवास पर पधारीं महामंडलेश्वर मां किरन नंद गिरी व उनके साथ आए अतिथियों का अंगवस्त्र व सम्मान-चिह्न भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का कुशल नेतृत्व अखिल भारतीय जागरण सुधार मंडल के दुद्धी तहसील अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता ने किया। इस आध्यात्मिक समागम के अवसर पर मुख्य रूप से दिनेश कुमार, देव कुमार, सहित भारी संख्या में महिलाएं, क्षेत्रवासी एवं मंडल से जुड़े कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार, सामाजिक समरसता और जनजागरण के लिए निरंतर समर्पित रहने का सामूहिक संकल्प लिया।
दुद्धी में अखिल भारतीय जागरण सुधार मंडल द्वारा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित महामंडलेश्वर मां किरन नंद गिरी का हुआ भव्य स्वागत
Related Posts
Add A Comment

