गाजीपुर। संत शिरोमणि परमहंस गंगाराम दास जी महाराज के पावन जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को शादियाबाद क्षेत्र के गुरैनी स्थित श्री राम-जानकी मंदिर परिसर में आयोजित 36वें वार्षिक मानव धर्म सम्मेलन में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। मानव धर्म प्रचार समाजसेवी संस्था के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य आध्यात्मिक आयोजन में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से हजारों श्रद्धालु, संत-महात्मा एवं समाजसेवी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्ज्वलन, गुरु वंदना और सत्संग से हुआ। इसके बाद संत-महात्माओं ने प्रेम, सेवा, सत्य, अहिंसा, करुणा, भाईचारा और नैतिक जीवन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मानव धर्म को समाज में समरसता स्थापित करने का सर्वोत्तम माध्यम बताया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए सर्वांकर महंत भोला दास महाराज ने कहा कि परमहंस गंगाराम दास जी महाराज का संपूर्ण जीवन मानव कल्याण, आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक समानता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि मानव धर्म किसी जाति, वर्ग या संप्रदाय तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता को जोड़ने का संदेश देता है। यदि समाज उनके आदर्शों को अपनाए तो वैमनस्य, हिंसा और भेदभाव स्वतः समाप्त हो सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से नशामुक्ति, सदाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि मानव धर्म सम्मेलन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों के प्रसार का जन-जागरण अभियान है।
इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने परमहंस गंगाराम दास जी महाराज के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। भजन-कीर्तन और आध्यात्मिक प्रवचनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। देर शाम तक श्रद्धालु संतों के दर्शन और आशीर्वाद के लिए कतारबद्ध रहे।
कार्यक्रम में गोरख दास बाबा, गजराज दास बाबा, दया राम दास, योगेश बाबा, राजमणि यादव, हरिकेश यादव, रोहित यादव, मटरू, गोपी, राजू यादव, दीना यादव, रजनीश यादव, सतीश कुशवाहा और अजीत विक्रम यादव सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, समाजसेवी एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सत्यप्रकाश यादव ने किया।
सम्मेलन के समापन पर संतों ने विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव, मानव कल्याण और राष्ट्र की उन्नति के लिए सामूहिक प्रार्थना की। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर संतों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
परमहंस गंगाराम दास महाराज के जन्मोत्सव पर उमड़ा आस्था का सैलाब, 36वें मानव धर्म सम्मेलन में प्रेम, सेवा और सद्भाव का गूंजा संदेश
Related Posts
Add A Comment

