नगरा, बलिया। नगरा थाना क्षेत्र में आयोजित भोजपुरी स्टार पवन सिंह के कार्यक्रम के दौरान रविवार को भारी अव्यवस्था देखने को मिली। कार्यक्रम में उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ के चलते हालात बेकाबू हो गए और अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान कई लोगों के चोटिल होने की सूचना भी सामने आई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही पवन सिंह मंच पर पहुंचे, बड़ी संख्या में मौजूद प्रशंसक उन्हें करीब से देखने के लिए बैरिकेडिंग की ओर बढ़ने लगे। देखते ही देखते भीड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने मोर्चा संभाला और भीड़ को पीछे हटाने के लिए लाठियां चलाकर नियंत्रण करने का प्रयास किया।
वहीं कार्यक्रम की कवरेज कर रहे एक पत्रकार के साथ कथित बदसलूकी और कैमरा तोड़े जाने का मामला भी सामने आया है। पत्रकार का आरोप है कि ड्यूटी के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और उनके कैमरे को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद पत्रकारों में नाराजगी है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार्यक्रम में अनुमान से कहीं अधिक भीड़ पहुंच गई थी, जबकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम पर्याप्त नहीं थे। इसी कारण स्थिति कुछ समय के लिए नियंत्रण से बाहर हो गई।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस और आयोजकों की ओर से घटना पर आधिकारिक बयान का इंतजार है। पत्रकार के साथ हुई कथित घटना ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पवन सिंह के कार्यक्रम में मचा बवाल, भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस ने किया हल्के बल प्रयोग
Related Posts
Add A Comment

