सोनभद्र । संवाददाता अजीत प्रताप सिंह। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को जनपद सोनभद्र में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। जनपद के प्रभारी मंत्री व प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की गरिमामयी मौजूदगी में जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज में एक विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा रैली का आयोजन किया गया। इस तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज परिसर से हुआ, जहाँ से हजारों की संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामकर शहीद स्थल के लिए रवाना हुए।
तिरंगा यात्रा में प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा के साथ मुख्य रूप से संजीव कुमार गौड़ (राज्य मंत्री, समाज कल्याण एवं अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण) भूपेश चौबे (माननीय विधायक, सदर) जी. सिंह खरवार (उपाध्यक्ष, उत्तर प्रदेश जनजाति आयोग) नंदलाल गुप्ता (भाजपा जिलाध्यक्ष) सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं गणमान्य नागरिक शामिल रहे। सभी ने अग्रिम पंक्ति में रहकर राष्ट्रध्वज फहराते हुए पदयात्रा की। राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज से शुरू होकर यह यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई शहीद स्थल पहुँची, जहाँ शहीदों को नमन करने के साथ यात्रा का औपचारिक समापन हुआ। यात्रा मार्ग के दौरान वंदे मातरम् और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो गया। मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। मुख्यालय के साथ-साथ जिले के अन्य प्रमुख कस्बों एवं विकास खंडों में भी हर घर तिरंगा अभियान का व्यापक असर देखने को मिला। घोरावल, दुद्धी एवं चोपन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, युवाओं और स्कूली बच्चों की सहभागिता में विशाल तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। इन यात्राओं के माध्यम से सुदूर ग्रामीण अंचलों तक राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश पहुँचाया गया। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित इन यात्राओं ने सोनभद्र के नागरिकों में नया उत्साह और ऊर्जा का संचार किया। प्रभारी मंत्री एवं अन्य वक्ताओं ने जनपदवासियों से आह्वान किया कि वे 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर गौरवपूर्वक तिरंगा फहराएं तथा देश की स्वतंत्रता के लिए बलिदान देने वाले अमर वीर शहीदों को नमन करें।
प्रभारी मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की मौजूदगी में निकली भव्य तिरंगा यात्रा देशभक्ति के रंग में रंगा सोनभद्र
Related Posts
Add A Comment

