बाराचवर/करीमुद्दीनपुर (गाजीपुर)। खरीफ सीजन के दौरान धान की रोपाई का महत्वपूर्ण समय चल रहा है, लेकिन बाराचवर विकासखंड के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के करइल इलाके में बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग और कृषि विभाग की ओर से सूखे की आशंका को लेकर समय-समय पर जारी की जा रही चेतावनियों के बीच क्षेत्र के किसान वास्तविक रूप से सूखे जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं।।
लगातार तेज धूप और वर्षा के अभाव ने खेतों की नमी खत्म कर दी है, जिससे धान की रोपाई प्रभावित हो रही है। जिन किसानों ने नर्सरी तैयार कर रखी है, उनके सामने समय पर रोपाई पूरी करने की चुनौती खड़ी हो गई है। मजबूरी में किसान महंगे डीजल और बिजली की लागत उठाकर ट्यूबवेल के सहारे खेतों में पानी भर रहे हैं, ताकि धान की रोपाई किसी तरह पूरी की जा सके।।
किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो धान की फसल पर गंभीर असर पड़ सकता है। सिंचाई की बढ़ती लागत से खेती पहले ही महंगी हो चुकी है और लगातार ट्यूबवेल चलाने से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। छोटे और सीमांत किसानों के लिए यह स्थिति और भी अधिक चिंता का विषय बन गई है।।
करइल क्षेत्र के किसानों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि सूखे जैसी स्थिति को देखते हुए आवश्यक राहत उपाय किए जाएं। साथ ही किसानों को निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्याप्त सिंचाई सुविधा और आवश्यक कृषि सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि खरीफ की मुख्य फसल धान को नुकसान से बचाया जा सके।।
फिलहाल क्षेत्र के अन्नदाता आसमान की ओर टकटकी लगाए बारिश का इंतजार कर रहे हैं। समय पर वर्षा नहीं होने की स्थिति में करइल क्षेत्र में धान उत्पादन पर व्यापक प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है।।

