(गाजीपुर): जफरपुर पावर हाउस के 63 केवी ट्रांसफार्मर के बार-बार खराब होने से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गुरुवार को सुल्तानपुर गांव के दर्जनों किसानों और ग्रामीणों ने पावर हाउस पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
एक महीने में तीसरी बार जला ट्रांसफार्मर
ग्रामीणों के अनुसार जफरपुर पावर हाउस का 63 केवी ट्रांसफार्मर पिछले एक महीने में तीसरी बार जल गया है। 2 जुलाई को ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। इसके चलते करीब 75 किसानों के ट्यूबेल बंद पड़े हैं, जबकि 65 घरों में अंधेरा छाया हुआ है।
अधिकारियों पर उपेक्षा का आरोप
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने उनके फोन तक उठाने बंद कर दिए हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। इसी के चलते समाजसेवी रामलाल यादव के नेतृत्व में ग्रामीण पावर हाउस पहुंचकर विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर हुए।
धान की नर्सरी पर मंडरा रहा संकट
प्रदर्शन के दौरान किसान श्रवण यादव ने कहा कि इस समय धान की नर्सरी तैयार करने का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है। पर्याप्त बारिश न होने के कारण किसान सिंचाई के लिए ट्यूबेल पर निर्भर हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से खेतों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है, जिससे धान की नर्सरी सूखने की कगार पर है और किसानों को भारी नुकसान की आशंका सता रही है।
आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे पावर हाउस में ताला बंद कर बड़े स्तर पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। किसानों ने विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
प्रदर्शन में रहे शामिल
विरोध प्रदर्शन में रामलाल यादव, राजकुमार राजभर, रामजन्म यादव, रामकरण राजभर, अनिल राजभर, जय हिंद यादव, अनिल यादव, मनीराम राजभर, साडू राजभर, राहुल राजभर, रमेश यादव, अमरजीत यादव, सौरभ यादव, अशोक, सीताराम, जोखन विश्वकर्मा, राहुल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

