सैदपुर ।सैदपुर थाना पुलिस ने चर्चित ब्लॉक प्रमुख मारपीट प्रकरण में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सैदपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सैदपुर के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय एवं उनकी टीम ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त संजय यादव पुत्र रामजीत यादव, निवासी ग्राम बेलहरी (केड़वा), थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर, उम्र लगभग 45 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त थाना सैदपुर में पंजीकृत मुकदमा संख्या 209/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 109(1), 191(2), 191(3), 115(2), 352, 351(3), 308(5), 333 एवं धारा 3(5) के तहत वांछित था। जांच के दौरान उसका नाम चर्चित ब्लॉक प्रमुख के साथ हुई मारपीट की घटना में प्रकाश में आया था।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्त को सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम बेलहरी (केड़वा), थाना खानपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय, आरक्षी प्रभाकर मिश्रा तथा आरक्षी विकास पाण्डेय शामिल रहे।

