लखनऊ निगोहां थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में मुर्गा चोरी के आरोप को लेकर दो दबंग भाइयों द्वारा एक मजदूर की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसका सिर फट गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार करनपुर गांव निवासी रामानंद मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। पीड़ित का आरोप है कि शुक्रवार की रात गांव के ही प्रदीप और उसके भाई दुर्गेश ने उस पर देशी मुर्गा चोरी करने का आरोप लगाया। आरोप लगाते हुए दोनों भाइयों ने उसे पकड़ लिया और बिना किसी पुष्टि के लाठी-डंडों से हमला कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने रामानंद को जमकर पीटा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। मारपीट के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी मौके से चले गए।घायल अवस्था में रामानंद किसी तरह निगोहां थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए लिखित शिकायत दी। पुलिस ने तत्काल उसे चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर और स्थिर बताई।पीड़ित रामानंद का कहना है कि उसने किसी प्रकार की चोरी नहीं की है और उस पर झूठा आरोप लगाकर दबंगों ने उसके साथ मारपीट की है। वहीं घटना के बाद उसके परिवार में भय और आक्रोश का माहौल है।मामले में उपनिरीक्षक अनूप तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हुई है। आरोपों की जांच की जा रही है तथा चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुर्गा चोरी का आरोप लगाकर मजदूर की कर दी बेरहमी से पिटाई, सिर फटा, पुलिस जांच में जुटी
Related Posts
Add A Comment

