लखनऊ मोहनलालगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा भावा खेड़ा में शनिवार दोपहर एक घर में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आगजनी की इस घटना में गृहस्थी का पूरा सामान, बच्चों की कॉपी-किताबें और जरूरी सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना।जानकारी के अनुसार, ग्राम भावा खेड़ा निवासी अमित कुमार गौतम पुत्र राम प्रकाश के घर में दोपहर करीब 1:30 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते घर में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। घटना की खबर मिलते ही सपा सांसद आर.के. चौधरी, पूर्व विधायक अम्ब्रीश सिंह पुष्कर तथा विधानसभा अध्यक्ष/सांसद प्रतिनिधि उमाशंकर वर्मा मौके पर पहुंचे।पीड़ित परिवार को दिया हरसंभव मदद का भरोसा जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर ही उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज को फोन कर घटना की जानकारी दी और पीड़ित परिवार को तत्काल राहत दिलाने के निर्देश दिए।
—–प्रशासन से त्वरित सहायता की मांग——
जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से आग से हुए नुकसान का आकलन कर जल्द से जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि ऐसे संकट की घड़ी में पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग मिलना चाहिए।इस दौरान राष्ट्रीय विशेष आमंत्रित सदस्य राम किशोर रावत भी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई और मदद के लिए आगे आने की बात कही।

