नगरा, बलिया। जनपद बलिया के नगरा थाना क्षेत्र के तुर्की दौलतपुर गांव निवासी तथा भारतीय सेना में हवलदार के पद पर तैनात अरविंद कुमार (40) का राजस्थान के सूरतगढ़ में असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार, अरविंद कुमार करीब 22 वर्ष पूर्व भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ देश की सेवा कर रहे थे। करीब पांच दिन पहले उनकी अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी स्थिति लगातार गंभीर होती गई और अंततः उनका निधन हो गया।
फोन पर हुई बातचीत में उनके छोटे भाई, जो स्वयं भी भारतीय सेना में कार्यरत हैं, ने बताया कि बीमारी के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
अरविंद कुमार अपने पीछे पत्नी, तीन मासूम बच्चों, माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वह तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके निधन की सूचना गांव पहुंचते ही क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। घर पर रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों का तांता लग गया। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि मासूम बच्चे अभी इस गहरे सदमे को पूरी तरह समझ भी नहीं पा रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि सेना की एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव लाया जा रहा है। अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे हैं। पूरे गांव में शोक और गर्व का वातावरण है। एक ओर देश के वीर सपूत को खोने का गहरा दुख है, वहीं दूसरी ओर उनकी वर्षों की राष्ट्रसेवा पर सभी को गर्व है।
राजस्थान में तैनात बलिया के हवलदार अरविंद कुमार का निधन, गांव में शोक की लहर
Related Posts
Add A Comment

