करीमुद्दीनपुर/गाजीपुर। थाना करीमुद्दीनपुर क्षेत्र के ग्राम सभा राजापुर के दो जरूरतमंद परिवारों को उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से दुर्घटना सहायता योजना के तहत 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। शासन की इस संवेदनशील पहल से दोनों परिवारों को कठिन समय में बड़ी राहत मिली है। इस कार्य की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।।
ग्राम प्रधान अश्वनी राय ने बताया कि कुछ माह पूर्व ग्राम सभा राजापुर निवासी प्रिंस यादव की कटरे में आग लगने से दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। वहीं, गांव के ही कामेश्वर सिंह यादव का एक दुर्भाग्यपूर्ण सड़क दुर्घटना में निधन हो गया था। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था और आर्थिक संकट भी गहरा गया था।।
इन दोनों मामलों में मुहम्मदाबाद की उपजिलाधिकारी डॉ. हर्षिता तिवारी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए आवश्यक कार्रवाई कराई। उनके सतत प्रयासों तथा ग्राम प्रधान अश्वनी राय के सहयोग से शासन स्तर पर प्रक्रिया पूरी हुई और दोनों पीड़ित परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।।
ग्रामीणों ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की यह पहल सिर्फ आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने का मानवीय उदाहरण है। लोगों ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद देते हुए कहा कि इस प्रकार की योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए संबल का कार्य करती हैं।।
ग्राम प्रधान अश्वनी राय ने कहा कि गांव के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जरूरतमंद परिवारों की हर संभव सहायता के लिए प्रयास जारी रहेंगे।।

