राबर्ट्सगंज/सोनभद्र। जिला संवाददाता अजीत प्रताप सिंह।
जनपद सोनभद्र के विधानसभा क्षेत्र राबर्ट्सगंज (401) अंतर्गत कुसुम्हा से लखनवार को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। कई ग्राम सभाओं को आपस में जोड़ने वाली इस सड़क के पूरी तरह जर्जर और गड्ढों में तब्दील हो जाने के कारण क्षेत्र के हजारों निवासियों का आवागमन अत्यंत जोखिम भरा हो गया है। इस गंभीर जनसमस्या के निस्तारण और तत्काल सड़क निर्माण की मांग को लेकर रविवार, 9 अगस्त 2026 को सुबह 10 बजे स्थानीय ग्रामीणों ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव (समाजवादी लोहिया वाहिनी) व क्षेत्रीय नेता विवेक सिंह पटेल के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विवेक सिंह पटेल एवं आक्रोशित ग्रामीणों ने सरकार तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि कुसुम्हा से लखनवार मार्ग पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण रोजाना किसान, स्कूली बच्चे, मरीज और राहगीर दुर्घटनाओं के शिकार हो रहे हैं। संबोधित करते हुए सपा नेता विवेक सिंह पटेल ने कहा सड़क निर्माण केवल आवागमन की सुविधा का विषय नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और हजारों ग्रामीणों की सुरक्षा से जुड़ा सीधा मुद्दा है। वर्तमान भाजपा सरकार आम जनमानस की मूलभूत समस्याओं से आंखें मूंदे हुए है और जनहित के मुद्दों को दरकिनार कर केवल अपने प्रचार व स्व-विकास में मस्त है। लंबे समय से ग्रामीण मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन साधे बैठा है। विवेक सिंह पटेल ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कुसुम्हा से लखनवार मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं कराया गया, तो ग्रामीण और पार्टी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। इसके खिलाफ जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, उग्र आंदोलन और आवश्यकता पड़ने पर अनिश्चितकालीन अनशन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। प्रदर्शन के दौरान पूरे क्षेत्र में सड़क बनाओ गांव बचाओ के नारे गूंजते रहे। इस जन-आंदोलन में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद की। मौके पर मुख्य रूप से प्रयाग सिंह, शिवकुमार सिंह, मनोज कुमार सिंह, विनोद मौर्या, राम सिंह, कृपाशंकर सिंह, महेंद्र सिंह, छेवनाथ सिंह, राजेंद्र सिंह, रमेश सिंह, जगदीश लाल, राजकुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद, सुभाष सिंह, हरिशंकर सिंह, राम मनी सिंह, रामप्रवेश सिंह, संदीप कुमार सिंह, आयुष कुमार, समश कुमार सिंह, सरजू सिंह, बुद्धिनाथ सिंह, अनिल कुमार सिंह, दिनानाथ चौधरी, हिरामन सिंह, मुन्ना सिंह एवं मुनू पाठक सहित सैकड़ों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
राबर्ट्सगंज सड़क निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का उग्र प्रदर्शन सड़क बनाओ गांव बचाओ के गूंजे नारे
Related Posts
Add A Comment

