सेवराई(गाजीपुर )।तहसील सेवराई के कल्याणपुर क्षेत्र में तैनात लेखपाल उपेंद्र कुमार को भ्रष्टाचार, रिश्वत लेने और सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के आरोपों के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उपजिलाधिकारी सेवराई के आदेश पर उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि लेखपाल ने एक व्यक्ति से अपने निजी बैंक खाते में यूपीआई के माध्यम से अवैध धनराशि प्राप्त की। मामले में उन्हें 27 जून 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर उन्होंने कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया।
जांच में यह भी सामने आया कि लेखपाल अपने निर्धारित कार्यक्षेत्र में निवास नहीं कर रहे थे तथा संपर्क करने पर उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। इन तथ्यों को सरकारी दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही माना गया।
निलंबन अवधि के दौरान उपेंद्र कुमार को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही उन्हें प्रत्येक माह यह प्रमाणित करना होगा कि वे किसी अन्य सरकारी या निजी सेवा, व्यापार अथवा व्यवसाय में संलग्न नहीं हैं। उन्हें राजस्व निरीक्षक कार्यालय से संबद्ध किया गया है तथा प्रत्येक कार्यदिवस पर उपस्थिति दर्ज कराना अनिवार्य होगा।
इस पूरे प्रकरण की जांच के लिए नायब तहसीलदार दिलदारनगर को जांच अधिकारी नामित किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

