गाजीपुर। करीमुद्दीनपुर/मुहम्मदाबाद विकासखंड की राजापुर ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान एवं प्रशासक अश्वनी कुमार राय ने लखनऊ में आयोजित छठे राज्य वित्त आयोग की महत्वपूर्ण बैठक में पूरे गाजीपुर जनपद का प्रतिनिधित्व करते हुए पंचायतों को अधिक अधिकार, संसाधन और वित्तीय स्वायत्तता देने की जोरदार पैरवी की। पूरे जनपद से अकेले चयनित पंचायत प्रतिनिधि के रूप में शामिल हुए ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने आयोग के समक्ष पंचायतों को सशक्त बनाने से जुड़े 7 महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।
बैठक में ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने कहा कि 73वें संविधान संशोधन में वर्णित सभी 29 विभागों के अधिकार ग्राम पंचायतों को दिए जाने चाहिए, ताकि गांवों का समग्र विकास स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पंचायत सहायकों, प्रधानों एवं शौचालय केयरटेकरों के मानदेय की अलग व्यवस्था करने, पंचायतों के लिए आय के स्थायी स्रोत विकसित करने तथा महाराष्ट्र और केरल मॉडल की तर्ज पर ओएसआर (Own Source Revenue) व्यवस्था लागू करने की मांग की।
उन्होंने आयोग को सौंपे गए लिखित सुझाव में पंचायत भवनों एवं पंचायत कार्यालयों को और मजबूत करने, विकासखंड स्तर पर पंचायती राज विभाग को अधिक सशक्त बनाने, अन्य विभागों द्वारा ग्राम पंचायतों में कराए जाने वाले कार्यों के लिए पंचायत की अनुमति अनिवार्य करने तथा शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे विभागों पर ग्राम पंचायत की प्रभावी भूमिका सुनिश्चित करने की मांग रखी।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने ग्रामीण क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में पंचायत के प्रयासों से गांव की गलियों का आरसीसी निर्माण कराया गया और गांव को आधुनिक स्वरूप देने का कार्य हुआ, लेकिन जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के नाम पर कई स्थानों पर गलियों को तोड़ दिया गया। इसके बावजूद आज तक पाइपलाइन नहीं बिछाई गई। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी विभागों की ऐसी कार्यशैली से जनता का धन और विकास दोनों प्रभावित होते हैं।
ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने यह भी कहा कि यदि पंचायतों को पर्याप्त अधिकार, वित्तीय संसाधन और प्रशासनिक सहयोग मिले तो ग्रामीण भारत के विकास की तस्वीर पूरी तरह बदल सकती है। उन्होंने पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
गौरतलब है कि राजापुर ग्राम पंचायत को दो बार मुख्यमंत्री पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। पंचायत विकास, स्वच्छता, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में किए गए कार्यों के कारण ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय की पहचान प्रदेश स्तर तक बनी हुई है।
राजापुर सहित पूरे क्षेत्र में उनके चयन और प्रस्तुति को लेकर उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्राम प्रधान अश्वनी कुमार राय ने राज्य स्तर के मंच पर गाजीपुर की पंचायतों की समस्याओं और अपेक्षाओं को मजबूती से उठाकर जिले का सम्मान बढ़ाया है।

