वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक अभियुक्त को 3 किलो 150 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुलदीप सेठ, निवासी नाटीमली, वाराणसी के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह गोरखपुर से बस के जरिए मादक पदार्थ लेकर वाराणसी पहुंचा था और यहां से मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने की फिराक में था।
जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम द्वारा स्टेशन परिसर में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान प्लेटफार्म नंबर 9 पर अभियुक्त की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हुईं। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3 किलो 150 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने में जुटी है कि वह मादक पदार्थ कहां से लाया था तथा इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। जीआरपी और आरपीएफ की इस संयुक्त कार्रवाई को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।
वाराणसी कैंट जीआरपी-आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, 3 किलो 150 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार; अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 75 लाख रुपये
Related Posts
Add A Comment

