नगरा, बलिया। जनपद के नगरा विकासखंड अंतर्गत देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल में 15 जून से संचालित विश्व योग सप्ताह का समापन अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्साह एवं गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में ग्रामीणों, महिलाओं एवं युवाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आर्ट ऑफ लिविंग के योगाचार्य सुमेर राम ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।
जिला प्रशासन बलिया द्वारा नामित योगाचार्य अशोक कुमार मौर्य ने कहा कि इस बार योग सप्ताह में महिलाओं की भागीदारी विशेष रूप से उत्साहजनक रही। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।
इस अवसर पर महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए योग से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों पर प्रकाश डाला। नेहरू युवा केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार से सेवानिवृत्त एपीएस सुभाष चंद्र ने कहा कि योग कार्यक्रम की निरंतरता को आगे भी बनाए रखा जाएगा।
कार्यक्रम में डॉ. राम गोविंद प्रजापति, अमरदेव राम, लोरिक राम, सुनील रामसोच सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

