नगरा, बलिया। बलिया जनपद के नगरा विकासखंड अंतर्गत देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल में आयोजित विश्व योग सप्ताह के तीसरे दिन भी महिलाओं एवं अन्य ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त योगाचार्य अशोक कुमार मौर्य के निर्देशन में किया गया।
योगाचार्य अशोक कुमार मौर्य ने प्रतिदिन की भांति प्रार्थना के साथ योग सत्र का शुभारंभ कराया। इसके उपरांत उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास अनेक जीवनशैली संबंधी रोगों से बचाव करने के साथ-साथ शरीर को स्वस्थ एवं मन को संतुलित रखने में सहायक होता है।
इस अवसर पर ग्रामीणों को बताया गया कि आज के समय में अधिकांश परिवारों की आय का बड़ा हिस्सा दवाइयों और उपचार पर व्यय हो रहा है, जिससे घरेलू बजट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति प्रतिदिन प्रातःकाल मात्र 30 से 45 मिनट योग के लिए समर्पित करे तो अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है तथा स्वस्थ जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत नेहरू युवा केंद्र संगठन में एपीएस पद से सेवानिवृत्त सुभाष चंद्र प्रसाद द्वारा अपने निजी संसाधनों से बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल का निर्माण कराया गया है। इस केंद्र में वर्तमान में योग प्रशिक्षण एवं निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। भविष्य में यहां विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को उनका लाभ दिलाने हेतु भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे गांव के सामाजिक एवं स्वास्थ्य विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
विश्व योग सप्ताह के तीसरे दिन देवरिया गांव में उत्साहपूर्वक हुआ योगाभ्यास
Related Posts
Add A Comment

