दुल्लहपुर गाजीपुर ।पवित्र सावन मास के प्रथम सोमवार के अवसर पर दुल्लहपुर क्षेत्र के जलालाबाद स्थित गौशाला में भक्ति, आस्था और गोसेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। गौशाला के अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में आयोजित शिव चर्चा, भजन-कीर्तन एवं गौसेवा कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, महिलाओं और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पूरा गौशाला परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष और शिव भजनों से भक्तिमय हो उठा। महिलाओं ने पूरे श्रद्धाभाव के साथ शिव भजनों का गायन किया, जिससे वातावरण पूरी तरह शिवमय बन गया। भजन-कीर्तन के बीच श्रद्धालु भगवान शिव की आराधना में लीन दिखाई दिए।
गौशाला प्रबंधन की ओर से आयोजन की सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित ढंग से की गई थीं। साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि गौशाला परिसर में इतने भव्य और व्यवस्थित रूप में धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन पहली बार देखने को मिला है।
इस अवसर पर राजकीय उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, शैलेंद्र प्रताप सिंह, ग्राम सचिव यशवंत यादव, दिनेश कुमार सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने गोसेवा और शिव आराधना में सहभागिता करते हुए आयोजन की सराहना की।
भजन-कीर्तन एवं पूजन-अर्चन के उपरांत श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। श्रद्धा और उत्साह से परिपूर्ण यह धार्मिक आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
सावन के प्रथम सोमवार पर जलालाबाद गौशाला में शिव भक्ति का उमड़ा सैलाब, भजन-कीर्तन से गूंजा परिसर
Related Posts
Add A Comment

