भदोही, 04 जून 2026:– केंद्र सरकार के सफल एवं जनकल्याणकारी 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा 05 जून से 21 जून 2026 तक “सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान के 12 वर्ष” विषयक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। इसी क्रम में जनपद भदोही के प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, शहरी समग्र विकास, नगरीय रोजगार एवं गरीबी उन्मूलन, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कोर कमेटी, जिला प्रशासनिक समन्वय समिति की बैठक तथा वृक्षारोपण “एक पेड़ माँ के नाम” कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
5 जून को चलेगा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान
प्रभारी मंत्री ने वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि 05 जून को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत नगर निकायों, विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, अमृत सरोवरों, तालाबों, सड़कों, नदियों एवं नहरों के किनारे व्यापक वृक्षारोपण कराया जाए। उन्होंने सिटी फॉरेस्ट विकसित करने, पारंपरिक एवं फलदार प्रजातियों के पौधे लगाने तथा विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों एवं सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
8 से 14 जून तक जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम
बैठक में बताया गया कि 08 से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत प्रबुद्धजनों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ संवाद स्थापित कर सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी साझा की जाएगी। साथ ही नागरिकों को पौधारोपण के लिए प्रेरित किया जाएगा तथा “सरकार आपके द्वार” की भावना के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाएगा।
14 से 16 जून तक लगेंगे जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वास्थ्य मेले
प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि विकास खंड एवं नगर क्षेत्र मुख्यालयों पर जनकल्याणकारी शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाए। इन शिविरों में आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना तथा अटल पेंशन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही लाभार्थियों की सफलता की कहानियों का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
17 से 20 जून तक लगेगी विकास प्रदर्शनी
जनपद स्तरीय विकास प्रदर्शनी का आयोजन विभूति नारायण राजकीय इंटर कॉलेज में किया जाएगा। प्रदर्शनी में योग, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना विकास, आध्यात्मिक एवं धार्मिक स्थलों के विकास, कानून-व्यवस्था तथा आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों को “पहले और अब” की थीम पर प्रदर्शित किया जाएगा।
प्राकृतिक खेती एवं जल संरक्षण पर विशेष फोकस
प्रभारी मंत्री ने 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती कार्यशालाओं के आयोजन के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौ-आधारित प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, कम लागत में अधिक आय देने वाली कृषि तकनीकों एवं टिकाऊ खेती के विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएं तथा किसानों से संवाद स्थापित किया जाए
20 जून को रात्रि चौपाल, 21 जून को योग दिवस का आयोजन
बैठक में बताया गया कि 20 जून को रात्रि चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी सहभागिता करेंगे। वहीं 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं, एनसीसी, पुलिस, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने सभी कार्यक्रमों को प्लास्टिक मुक्त वातावरण में आयोजित करने तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे अधिक से अधिक नागरिक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
मा. प्रभारी मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने नगर विकास विभाग को नियमित साफ-सफाई, कूड़ा निस्तारण तथा सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्युत विभाग को जनपद में निर्बाध एवं अनवरत विद्युत आपूर्ति बनाए रखने तथा किसी भी समस्या का त्वरित समाधान करने को कहा। बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने जनपद की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधों एवं प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सतत निगरानी में संचालित की जा रही हैं।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने 5 जून से 21 जून तक जनपद में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा एवं तैयारियों की विस्तृत जानकारी माननीय मंत्री जी को दी। उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में जनकल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, विकास कार्यों तथा जनसंपर्क से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु की गई व्यवस्थाओं से भी अवगत कराया तथा संबंधित विभागों के समन्वय पर विशेष बल दिया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, विधायक भदोही जाहिद बेग, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, पूर्व विधायक रविन्द्र नाथ त्रिपाठी, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविन्द शुक्ल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक सहित जनपद स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

