विधिक अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण और सम्मान समारोह
सोनभद्र | 01 मई, 2026 जनपद के गुरमुरा स्थित अटल आवासीय विद्यालय के बहुद्देशीय भवन में आज अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक अमले की उपस्थिति में श्रमिकों के कल्याण और उनके अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव व न्यायाधीश राहुल, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, और उप श्रमायुक्त (मिर्जापुर क्षेत्र) अचला पाण्डेय उपस्थित रहीं।
अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित श्रमिकों और प्रतिभागियों को श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से न्यायाधीश श्री राहुल ने श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकारों और विभिन्न श्रम अधिनियमों के बारे में जागरूक किया, ताकि वे किसी भी प्रकार के शोषण से बच सकें। समारोह का मुख्य आकर्षण माननीय मुख्यमंत्री जी के उद्बोधन का सजीव प्रसारण रहा। उपस्थित जनसमूह ने मुख्यमंत्री के संदेश को सुना, जिसमें उन्होंने राष्ट्र निर्माण में श्रमिकों की भूमिका को सर्वोपरि बताया। मुख्यमंत्री के संबोधन के पश्चात
विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को हित लाभ वितरण के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। अटल आवासीय विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए अधिकारियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उपायुक्त उद्योग श्री विनोद चौधरी एवं अन्य विभागीय प्रतिनिधियों ने भी श्रमिकों का उत्साहवर्धन किया। मजदूर दिवस का उत्साह केवल गुरमुरा तक सीमित नहीं रहा। ओबरा तापीय परियोजना में भी मुख्य महाप्रबंधक इं. आर.के. अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति में सेवायोजकों, श्रमिक प्रतिनिधियों और भारी संख्या में मजदूरों ने मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को देखा और सुना।श्रम विभाग, सोनभद्र द्वारा इस अवसर पर विशेष स्वास्थ्य पहल की भी जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) के सहयोग से जनपद के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में 28 अप्रैल से 03 मई 2026 तक श्रमिक आरोग्य मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कार्यस्थलों पर ही श्रमिकों की स्वास्थ्य जाँच सुनिश्चित करना और उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों ने श्रमिक संगठन के प्रतिनिधियों से संवाद किया और आश्वासन दिया कि प्रशासन श्रमिक हितों के संरक्षण के लिए सदैव तत्पर है। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, सेवायोजन प्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।

