अनपरा (सोनभद्र)। अजयन्त सिंह। जनपद सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुलडोमरी टोला लोझरा में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ पारिवारिक विवाद के दौरान एक शख्स ने अपने ही सगे भाई पर पास में रखी कुल्हाड़ी से गर्दन और पीठ पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना में घायल भाई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अनपरा थाना पुलिस ने आरोपी अभियुक्त को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 13 अगस्त 2026 की है। ग्राम कुलडोमरी टोला लोझरा में पारिवारिक विवाद को लेकर दो भाइयों के बीच कहासुनी शुरू हुई। बहस इतनी बढ़ गई कि अभियुक्त रघुनाथ (40 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय महादेव ने गाली-गलौज करते हुए आपा खो दिया। उसने घर में रखी धारदार कुल्हाड़ी उठाकर अपने भाई मानसिंह की गर्दन और पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में मानसिंह खून से लथपथ होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल मानसिंह को तत्काल उपचार के लिए ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल लोढ़ी के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर अनपरा पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं—115(2), 352, 351(3), 109(1), और 118(1) के तहत मुकदमा संख्या 176/2026 पंजीकृत किया। सोनभद्र पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल निर्देशन में अनपरा पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।
दिनांक 14 अगस्त 2026 को अनपरा पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर जानलेवा हमला करने वाले अभियुक्त रघुनाथ को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात अभियुक्त को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया है।


