अनपरा/सोनभद्र । जनपद सोनभद्र के अनपरा थाना क्षेत्र अंतर्गत शक्तिनगर से औड़ी मोड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनपरा मोड़ के समीप जल निकासी की व्यवस्था न होने से आम जनता को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य सड़क किनारे बरसाती पानी के निकास हेतु नाली का निर्माण न होने के कारण हल्की सी बारिश में भी सड़क पर भारी जलभराव देखने को मिल रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पानी का भराव होने से सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाती है, जिससे सड़क पर बने गहरे गड्ढे पानी में छिप जाते हैं और दिखाई नहीं देते। इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवार, ऑटो और छोटे-बड़े वाहन चालक आए दिन इन अदृश्य गड्ढों का शिकार होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। विशेषकर रात्रि के समय तथा तेज बारिश के दौरान पैदल चलने वाले राहगीरों और दो पहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग अत्यंत खतरनाक व जोखिम भरा साबित हो रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अनपरा मोड़ एक अत्यधिक व्यस्त चौराहा है, जहाँ से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहनों का आवागमन होता है। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा बरसाती पानी की निकासी के लिए पक्की नाली का निर्माण न कराया जाना विभाग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है। क्षेत्रीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते पीडब्ल्यूडी विभाग ने इस गंभीर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया और नाली निर्माण व सड़क की मरम्मत नहीं कराई, तो भविष्य में कोई भी अप्रिय घटना या भीषण दुर्घटना हो सकती है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब नाली निर्माण कराने की मांग की है।
सोनभद्र अनपरा मोड़ के पास नाली न होने से सड़क पर जलभराव गड्ढों के कारण हादसे की आशंका, PWD विभाग बेखबर
Related Posts
Add A Comment

