सोनभद्र ब्यूरो। जनपद सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना, वंदन योजना एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के समस्त नगरीय निकायों के अधिशासी अधिकारियों (EO) तथा मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक के दौरान शासन की मंशा के अनुरूप पशु क्रूरता निवारण व आवारा पशुओं के नियंत्रण हेतु एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर की स्थापना पर विस्तार से मंथन किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेंटर की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हांकन शीघ्र अति शीघ्र पूर्ण कर अग्रिम आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
वंदन योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने नगर पंचायत चुर्क स्थित अति प्राचीन शीतला माता मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अवस्थापना सुविधाओं के विकास एवं सौंदर्यीकरण कराने के संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तत्काल शासन को प्रेषित करने के निर्देश संबंधित अधिशासी अधिकारी को दिए। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना एवं 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्रस्तुत विकास प्रस्तावों का बारीक परीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने जनहितकारी कार्यों को स्वीकृति प्रदान की। वहीं, जो प्रस्ताव योजना की गाइडलाइन के अनुरूप नहीं पाए गए, उन्हें निरस्त करते हुए नियमों के तहत नए जनोपयोगी प्रस्ताव दो दिवस के भीतर उपलब्ध कराने का कड़ा निर्देश दिया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट किया कि नगरों में स्वच्छता, सौंदर्य और मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने वाले कार्यों को ही प्राथमिकता दी जाए। विकास कार्यों का सीधा लाभ आमजन को प्राप्त होना चाहिए। शासन की प्रत्येक योजना में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता से कोई समझौता न किया जाए। बैठक में यह अधिकारी रहे मौजूद उक्त महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) वागीश कुमार शुक्ला, जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित अवर अभियंता (JE) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
सोनभद्र एबीसी सेंटर हेतु भूमि चिन्हांकन में तेजी और जनोपयोगी कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
Related Posts
Add A Comment

