ओबरा/सोनभद्र (28 जुलाई 2026) | (अजीत प्रताप सिंह)
पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरे ओबरा नगर व आसपास के क्षेत्रों में मानसून के आगमन के साथ ही जहरीले जीव-जंतुओं और सांपों के निकलने का सिलसिला तेज हो जाता है, जिससे आम जनमानस में डर व दहशत का माहौल बन जाता है। ऐसी संकटपूर्ण स्थिति में ओबरा, डाला और चोपन क्षेत्र के निवासियों के लिए स्नेक मैन के नाम से प्रख्यात रिकी चंद्रा एक बड़े मददगार साबित होते हैं। रिकी चंद्रा पिछले लगभग 25 वर्षों से अपनी जान जोखिम में डालकर निष्काम भाव से वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें जंगलों में छोड़ते आ रहे हैं। ताजा मामला ओबरा परियोजना अस्पताल का है, जहाँ परिसर में अचानक एक बेहद खतरनाक और अत्यंत विषैला सांप (रसेल वाइपर) दिखाई दिया। अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इतना जहरीला सांप निकलते ही डॉक्टरों, नर्सों, मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों के बीच अफरा-तफरी व घबराहट का माहौल बन गया।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए मौके पर मौजूद डॉ. मिथिलेश सिंह ने तत्काल रिकी चंद्रा को फोन करके घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही रिकी चंद्रा बिना समय गंवाए अस्पताल पहुँचे और अपनी कला का परिचय देते हुए अत्यंत सावधानी व कुशलता से सांप का रेस्क्यू किया तथा उसे एक डिब्बे में सुरक्षित बंद किया। तत्पश्चात उन्होंने उसे ले जाकर दूर घने जंगलों में छोड़ दिया, जिसके बाद अस्पताल प्रशासन, कर्मचारियों और मरीजों ने राहत की सांस ली। रिकी चंद्रा ने बताया कि वे पिछले दो दशकों से भी अधिक समय से बिना किसी स्वार्थ के समाज सेवा में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि स्थानीय नागरिकों के अलावा आपात स्थिति में वन विभाग की टीम भी उन्हें फोन करके रेस्क्यू के लिए बुलाती है। ओबरा, डाला, चोपन और आसपास के ग्रामीण अंचलों में जब भी कोई विषैला जीव निकलता है, तो लोग बेझिझक रिकी चंद्रा को ही याद करते हैं। स्नेक मैन रिकी चंद्रा ने आम नागरिकों से जीव-जंतुओं के संरक्षण और अपनी सुरक्षा को लेकर विशेष अपील की है। अक्सर लोग डर के मारे सांप या अन्य बेजुबान जीवों को मार डालते हैं। रिकी चंद्रा ने संदेश दिया कि ये भी पर्यावरण का हिस्सा हैं, इसलिए इन्हें मारें नहीं। सांप दिखने पर उस पर दूर से नजर बनाए रखें कि वह किस दिशा में जा रहा है और तुरंत विशेषज्ञ को सूचित करें। घर या आसपास कभी भी सांप दिखने पर उसे खुद पकड़ने या छेड़छाड़ करने का प्रयास बिल्कुल न करें, क्योंकि यह जानलेवा हो सकता है। बरसात के दिनों में घरों के आसपास साफ-सफाई रखें और नियमित रूप से फिनाइल, मिट्टी के तेल अथवा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करते रहें। इसके अलावा, रात में सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग अवश्य करें।यदि किसी के घर या आसपास कोई विषैला जीव या सांप दिखाई दे, तो तुरंत रिकी चंद्रा के मोबाइल नंबर 8423489290 पर संपर्क कर सूचित करें ताकि समय रहते जीव व मानव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
सोनभद्र ओबरा परियोजना अस्पताल में निकला जहरीला रसेल वाइपर स्नेक मैन रिकी चंद्रा ने रेस्क्यू कर जंगलों में छोड़ा
Related Posts
Add A Comment

