चोपन/सोनभद्र। रीना राय रिपोर्टर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के पावन उपलक्ष्य में काशी (वाराणसी) से प्रारंभ होकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में भ्रमण कर रही पवित्र कलश यात्रा का सोनभद्र आगमन पर चोपन मंडल के विभिन्न स्थानों पर ढोल-नगाड़ों और पुष्पवर्षा के साथ ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर संत रविदास जी की पावन जन्मस्थली काशी में एक भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया था। वाराणसी स्थित रविदास पार्क में आयोजित इस विशाल कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की गरिमामयी उपस्थिति में यह संकल्प लिया गया था कि इन पवित्र कलशों को उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों तक पहुँचाया जाएगा, ताकि गुरु जी के विचारों का प्रचार-प्रसार हो सके। उसी संकल्प के अनुपालन में आज जनपद सोनभद्र के चोपन मंडल में पवित्र कलश यात्रा का आगमन हुआ। चोपन गाँव में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री आदरणीय संजीव गोंड (संजीव कुमार) ने कार्यकर्ताओं के साथ कलश वाहन का भव्य स्वागत एवं वंदन किया। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव गोंड ने संत रविदास जी के जीवन दर्शन, उनकी शिक्षाओं और समाज में समानता व समरसता लाने में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दलित एवं वंचित बस्तियों में जाकर संत रविदास जी के जीवन से जुड़ी प्रेरक कथाओं, प्रसंगों और विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है। अभियान के माध्यम से समाज में एक सकारात्मक जन-जागरण पैदा करने का संकल्प लिया गया है, ताकि लोग गुरु रविदास जी के बताए मार्ग पर चलकर अपने क्षेत्र व समाज का सर्वांगीण विकास कर सकें और सभी वर्गों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ सकें। कलश वंदन यात्रा के दौरान चोपन मंडल में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से बृजेश पांडे (जिला संयोजक, कलश वंदन यात्रा),(संजय केसरी मंडल अध्यक्ष, भाजपा चोपन), लवकुश भारती,
हिमांशु प्रियदर्शी, धर्मेंद्र जायसवाल, धर्मशिला जी,सहित सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे और गुरु रविदास जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
सोनभद्र काशी से आई संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की पवित्र कलश यात्रा का चोपन में हुआ भव्य स्वागत
Related Posts
Add A Comment

