मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र का गंभीर आरोप—आईजीआरएस शिकायत के नाम पर घर में दहशत फैला रही पुलिस व एक्साइज टीम
एक्साइज इंस्पेक्टर विनोद कुमार साव पर राजनीतिक दबाव में सामाजिक छवि धूमिल करने की साजिश रचने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता का नाम उजागर न करने पर जताई आपत्ति निष्पक्ष जांच कर झूठे मामले में फंसाने वालों पर कार्रवाई की मांग
वॉइस इंडिया न्यूज
संवाददाता रीना राय
जनपद सोनभद्र में किसान-नौजवानों और आदिवासियों के हक-हकूक की आवाज उठाने वाले संगठन किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पुलिस व प्रशासनिक उत्पीड़न के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय सोनभद्र पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) को शिकायती ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन के माध्यम से मोर्चा संयोजक संदीप मिश्र ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने घटना का विवरण देते हुए बताया कि एक्साइज इंस्पेक्टर विनोद कुमार साव भारी पुलिस टीम के साथ उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों से कहा कि आपका बेटा गांजा बेचवाता है। संदीप मिश्र ने आरोप लगाया कि आईजीआरएस (IGRS) शिकायत का बहाना बनाकर पुलिस और आबकारी विभाग की टीम द्वारा उनके घर में घुसकर वृद्ध परिजनों और बच्चों के बीच भय व दहशत का माहौल पैदा किया जा रहा है। जनहित से जुड़े मुद्दों, विंध्य एक्सप्रेसवे और किसानों के मुआवजे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण राजनीतिक दबाव में आकर उनकी निर्मल सामाजिक छवि को धूमिल करने की गहरी साजिश रची जा रही है। पुलिस व एक्साइज टीम द्वारा फर्जी शिकायतकर्ता का नाम सार्वजनिक न किए जाने पर उन्होंने कड़ी आपत्ति जताई और इसे एकतरफा व दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई करार दिया।
संदीप मिश्र ने कहा कि यदि हमारे या हमारे परिवार के खिलाफ गांजा बेचने या किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्तता का एक भी प्रमाण हो तो प्रशासन सख्त कार्रवाई करे, अन्यथा राजनीतिक आकाओं के इशारे पर झूठी शिकायतें बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने वाले अधिकारियों व फर्जी शिकायतकर्ताओं पर तत्काल मुकदमा दर्ज किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस फर्जी प्रकरण की उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो मोर्चा पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा। अपर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपने पहुंचे किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से शामिल रहे। दिनेश चेरो,
आकाश चौहान, शत्रुधन बिंद,
विजय चौहान,अरविंद कुमार एवं अन्य किसान व युवा कार्यकर्ता।

