चोपन/सोनभद्र । चोपन विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत अगोरी ख़ास के टोला करजी में पिछले चार से पाँच महीनों से बिजली संकट गहराया हुआ है। यहाँ प्राथमिक विद्यालय करजी तथा पृथ्वीनाथ बैगा के घर के पास स्थापित दोनों विद्युत ट्रांसफार्मर लंबे समय से फूंक (खराब) पड़े हैं, जिसके कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूब गया है और ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो चुका है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि करजी टोला में बड़ी संख्या में गरीब, वंचित और आदिवासी परिवार निवास करते हैं। घना जंगल और पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण शाम ढलते ही पूरे इलाके में ब्लैकआउट जैसी स्थिति बन जाती है। ऐसे में महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों को जहरीले जीव-जंतुओं के खतरे के बीच रात काटनी पड़ रही है। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह बाधित है तथा पेयजल आपूर्ति एवं दैनिक दिनचर्या पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या की सूचना मिलने पर समाजवादी युवजन सभा के प्रदेश सचिव प्रदीप यादव मौके पर पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों के साथ बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी व प्रदर्शन करते हुए रोष जताया। प्रदीप यादव ने बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों पर हीलाहवाली का आरोप लगाते हुए कहा कई महीनों से निर्दोष ग्रामीण बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं, लेकिन संबंधित विभाग मूकदर्शक बना बैठा है। यदि दोनों खराब ट्रांसफार्मरों को अविलंब बदलकर नए ट्रांसफार्मर नहीं लगाए गए, तो ग्रामीणों को साथ लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जवाबदेही विद्युत निगम व स्थानीय प्रशासन की होगी। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इस अति-संवेदनशील व पिछड़े क्षेत्र की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान रामलाल बैगा, अमेरिका, शंकर, श्री धार, बुल्लू, क़िशमतिया सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
सोनभद्र चोपन के करजी में 4-5 महीनों से अंधेरे में रहने को मजबूर ग्रामीण ट्रांसफार्मर बदलने की मांग को लेकर प्रदर्शन
Related Posts
Add A Comment

