रॉबर्ट्सगंज/सोनभद्र जिला संवाददाता अजीत प्रताप सिंह)
सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भूपेश चौबे ने सोनभद्र की दो बड़ी और अत्यंत महत्वपूर्ण जनसमस्याओं व मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजा है। विधायक ने एक तरफ जहां डाला नगर पंचायत की 50-55 वर्ष पुरानी मलिन बस्ती को उजड़ने से बचाने के लिए मानवीय आधार पर हस्तक्षेप की मांग की है, वहीं दूसरी तरफ ऐतिहासिक गौरव व जनभावनाओं को देखते हुए जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज का नाम बदलकर सोनभद्र किए जाने का अनुरोध किया है। सदर विधायक भूपेश चौबे ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में अवगत कराया कि डाला नगर पंचायत (पर्वतीय) के वार्ड संख्या-2 एवं 3 में स्थित लगभग 50 से 55 वर्ष पुरानी मलिन बस्ती में 450 से 500 परिवारों के करीब 4 से 5 हजार लोग विगत कई दशकों से निवास कर रहे हैं। इस बस्ती में अधिकांश आबादी गरीब, दलित और अति पिछड़े वर्ग के लोगों की है। विधायक ने बताया कि स्थानीय अल्ट्राटेक कंपनी द्वारा विधिक प्रक्रिया के आड़ में इस पुरानी बस्ती को हटाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे हजारों निर्धन लोगों के सामने बेघर होने और विस्थापन का गहरा संकट खड़ा हो गया है। विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए इस बस्ती को उजड़ने से बचाया जाए और गरीब परिवारों के हितों की रक्षा हेतु त्वरित आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही सदर विधायक ने जिला मुख्यालय का नाम बदलने की दशकों पुरानी मांग को भी प्रमुखता से मुख्यमंत्री के समक्ष रखा है। गौरतलब है कि वर्ष 1989 में मिर्जापुर से अलग होकर सोनभद्र पृथक जनपद के रूप में अस्तित्व में आया था, लेकिन इसके मुख्यालय को अंग्रेजी हुकूमत के शासक रॉबर्ट्स के नाम पर रॉबर्ट्सगंज ही कहा जाता रहा। विधायक भूपेश चौबे ने अपने पत्र में कहा कि अंग्रेजी शासनकाल के प्रतीक को हटाकर जिले की वास्तविक पहचान और सांस्कृतिक अस्मिता के अनुरूप मुख्यालय का नाम भी सोनभद्र किया जाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उल्लेख किया कि इस संबंध में जनपद के सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, युवाओं, छात्रों और देशभक्त नागरिकों द्वारा लंबे समय से मांग उठाई जा रही है। इसके पूर्व जिला प्रशासन की ओर से भी नाम परिवर्तन का आधिकारिक प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। विधायक ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि जनभावनाओं का आदर करते हुए रॉबर्ट्सगंज का नाम परिवर्तित कर सोनभद्र किए जाने की विधिक प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि जिले की पहचान उसके ऐतिहासिक गौरव और पौराणिक नाम के साथ स्थापित हो सके। सदर विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को पत्र लिखे जाने की खबर सामने आने के बाद जिले भर में मलिन बस्ती के निवासियों में जहां राहत की उम्मीद जगी है, वहीं नाम परिवर्तन को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब सभी की निगाहें राज्य सरकार के भावी निर्णय पर टिकी हुई हैं।
सोनभद्र डाला की 55 साल पुरानी मलिन बस्ती को बचाने और रॉबर्ट्सगंज का नाम सोनभद्र करने के लिए सदर विधायक भूपेश चौबे ने सीएम योगी को लिखा पत्र
Related Posts
Add A Comment

