सोनभद्र। संवाददाता अजीत प्रताप सिंह। शासन के निर्देशों के अनुक्रम में जिलाधिकारी सोनभद्र ने जनपद के समस्त निर्माण श्रमिकों और नियोजकों (रोजगार प्रदाताओं) को यूपी डिजिटल लेबर चौक मोबाइल ऐप से अधिक से अधिक जोड़ने तथा इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड (UPBOCW) द्वारा विकसित यह ऐप निर्माण श्रमिकों और नियोजकों के बीच एक पारदर्शी और प्रभावी डिजिटल प्लेटफॉर्म के रूप में कार्य करेगा। इस डिजिटल पहल के माध्यम से असंगठित क्षेत्र के निर्माण श्रमिकों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इसके साथ ही श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और पात्रता के अनुसार उनका सीधा लाभ पाना बेहद आसान हो जाएगा। सेवायोजक, बिल्डर, ठेकेदार, निर्माण एजेंसियां एवं व्यक्तिगत निर्माण कराने वाले गृहस्वामी ऐप पर पंजीकरण कर अपनी आवश्यकतानुसार कुशल एवं अकुशल श्रमिकों से सीधे संपर्क कर सकेंगे। निर्माण श्रमिक घर बैठे ऐप के माध्यम से काम खोज सकेंगे और नियोजकों से जुड़ सकेंगे। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और श्रमिकों को उचित पारिश्रमिक प्राप्त होगा। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रशासनिक एवं श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी कार्यस्थलों और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में इस ऐप का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को डिजिटल माध्यम से लाभान्वित किया जा सके। जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त निर्माण श्रमिकों, ठेकेदारों, बिल्डरों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने एंड्रॉइड स्मार्टफोन के गूगल प्ले स्टोर से ऐप डाउनलोड कर उस पर अपना पंजीकरण अवश्य कराएं और अपने आसपास कार्यरत अन्य श्रमिकों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
ऐप के संचालन, डाउनलोड करने अथवा पंजीकरण की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या आने पर श्रम विभाग सोनभद्र के निम्नलिखित कर्मचारियों/हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। सुरेश कुमार (सहायक लेखाकार) – 9935907680, प्रवीण मदक (कम्प्यूटर ऑपरेटर) – 7499938952,
दुर्गा शंकर मिश्रा (कम्प्यूटर ऑपरेटर) 7800556560, राजेश शर्मा (कम्प्यूटर ऑपरेटर) – 9451575696, दीपक कुमार मदक (कम्प्यूटर ऑपरेटर) – 9936012820
सोनभद्र निर्माण श्रमिकों को यूपी डिजिटल लेबर चौक ऐप से जोड़ने के शासन के निर्देश, डीएम ने दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के आदेश
Related Posts
Add A Comment

