रामगढ़ निवासी पीड़ित अक्षय कुमार के साथ हुई ₹11,800 की धोखाधड़ी का पन्नूगंज पुलिस की साइबर टीम ने किया समाधान
NCRP पोर्टल के माध्यम से रकम होल्ड कराकर बैंक से स्थापित किया समन्वय, शत-प्रतिशत धनराशि कराई वापस
एसपी अभिषेक वर्मा के निर्देशन में जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ निरंतर जारी है प्रभावी अभियान
पुलिस ने आमजन से की अपील अनजान व्यक्तियों के साथ ओटीपी, आधार या बैंक संबंधी जानकारी न करें साझा
पन्नूगंज (सोनभद्र)। अजीत प्रताप सिंह।जनपद सोनभद्र में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी के पीड़ितों को राहत दिलाने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना पन्नूगंज पुलिस की साइबर टीम को बड़ी सफलता हासिल हुई है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए साइबर फ्रॉड के शिकार एक पीड़ित व्यक्ति की गाढ़ी कमाई के ₹11,800 की शत-प्रतिशत धनराशि उसके मूल बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दी है। यह प्रभावी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन्स) ऋषभ रुणवाल के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर सिंह के पर्यवेक्षण एवं प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज निवास पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में गठित साइबर टीम द्वारा अमल में लाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पन्नूगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रामगढ़ निवासी अक्षय कुमार साइबर ठगी का शिकार हो गए थे, जिसमें साइबर अपराधियों ने उनके खाते से ₹11,800 की धनराशि उड़ा ली थी। पीड़ित द्वारा घटना की सूचना तत्काल पन्नूगंज पुलिस को दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पन्नूगंज की साइबर टीम ने तत्काल हरकत में आते हुए NCRP (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग) पोर्टल पर प्रकरण का अवलोकन किया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई कर फ्रॉड से जुड़े संबंधित बैंक खाते में ₹11,800 की धनराशि को तत्काल प्रभाव से होल्ड (फ्रीज) कराया। इसके बाद ट्रांजैक्शन से संबंधित सभी आवश्यक साक्ष्य व दस्तावेज एकत्रित कर संबंधित बैंक अधिकारियों से ई-मेल एवं पत्राचार के जरिए निरंतर समन्वय स्थापित किया। पुलिस की निरंतर पैरवी के फलस्वरूप पीड़ित अक्षय कुमार की साइबर ठगी का शिकार हुई पूरी रकम ₹11,800 उनके मूल बैंक खाते में सकुशल वापस हस्तांतरित करा दी गई। अपनी डूबी हुई धनराशि सुरक्षित वापस पाकर पीड़ित अक्षय कुमार के चेहरे पर खुशी लौट आई। उन्होंने पन्नूगंज थाना पुलिस व साइबर टीम की तत्परता, संवेदनशीलता और कार्यशैली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। निवास पाण्डेय (प्रभारी निरीक्षक, थाना पन्नूगंज, सोनभद्र) सूर्या सिंह (आरक्षी, थाना पन्नूगंज, सोनभद्र) सोनभद्र पुलिस की जनहित में साइबर सुरक्षा अपील सोनभद्र पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क और जागरूक रहने के लिए निम्नलिखित महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए हैं। किसी भी अज्ञात, संदिग्ध या अनाधिकृत व्यक्ति के साथ अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी—जैसे आधार संख्या, पैन (PAN), बैंक खाता संख्या, नेट बैंकिंग पासवर्ड, ओटीपी (OTP), सीवीवी (CVV) या एटीएम कार्ड का विवरण—कदापि साझा न करें। यदि आप गलती से किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाते हैं, तो बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल www.cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही नजदीकी थाने के साइबर हेल्प डेस्क से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।

