सोनभद्र (28 जुलाई 2026)। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आधार प्रमाणीकरण और आधार कार्ड निर्माण की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्चों के आधार कार्ड बनाने के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि आधार आज हर नागरिक की पहचान का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाने के लिए आधार का अद्यतन (अपडेटेड) और प्रमाणित होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष जोर देते हुए कहा, नवजात शिशुओं और छोटे बच्चों के आधार कार्ड समयबद्ध तरीके से बनाए जाएं। इसके साथ ही, यह सुनिश्चित किया जाए कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने से पहले हर व्यक्ति अपने आधार का बायोमेट्रिक अपडेट अनिवार्य रूप से करा ले। इससे उन्हें भविष्य में तकनीकी समस्याओं या सरकारी लाभ प्राप्त करने में कोई अड़चन नहीं आएगी। जिलाधिकारी ने इस संबंध में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में बच्चों के आधार कार्ड बनाने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से तीन विभागों को सौंपी गई है।बेसिक शिक्षा विभाग ,बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग, स्वास्थ्य विभाग, इन विभागों को आधार नामांकन मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि वे स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों पर ही आसानी से बच्चों के आधार कार्ड बना सकें। वहीं, आम नागरिकों के नए आधार कार्ड बनाने, उनमें संशोधन (करेक्शन) और बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा जिले के बैंकों और डाकघरों (पोस्ट ऑफिस) में सुचारू रूप से संचालित है। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि उपलब्ध संसाधनों का शत-प्रतिशत उपयोग कर पात्र बच्चों को आच्छादित किया जाए।
बैठक में जानकारी दी गई कि यदि किसी नागरिक को आधार कार्ड बनवाने या उसमें सुधार को लेकर कोई शिकायत या तकनीकी समस्या है, तो वह आसानी से मदद प्राप्त कर सकता है। टोल-फ्री हेल्पलाइन UIDAI के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1947 पर कॉल करके शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। जनपद स्तरीय आधार सहायता केंद्र जिले का आधार सहायता केंद्र रोडवेज बस अड्डे के पास संचालित किया जा रहा है। नोडल अधिकारी से संपर्क किसी भी समस्या के समाधान के लिए आधार सहायता केंद्र के नोडल अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय के मोबाइल नंबर 8750159181 पर भी सीधे संपर्क किया जा सकता है। आधार प्रमाणीकरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी बनाने पर केंद्रित इस बैठक में जिले के कई प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला सांख्यिकी अधिकारी संतपाल वर्मा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद थे।
सोनभद्र बच्चों का आधार कार्ड बनवाने में लापरवाही न हो, प्राथमिकता से काम करें सभी विभाग- जिलाधिकारी
Related Posts
Add A Comment

