सोनभद्र (14 मई, 2026) विद्यार्थी जीवन में सही समय पर सही दिशा का चयन ही भविष्य की सफलता का आधार बनता है। इसी उद्देश्य के साथ आज एनसीएल ककरी परियोजना स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज ककरी के प्रांगण में भविष्य की राहें और हमारा चयन विषय पर एक भव्य करियर काउंसलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन और पुष्प अर्पण के साथ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य शिव जी राय ने उपस्थित अतिथियों का परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया और विद्यार्थियों के जीवन में इस प्रकार के आयोजनों की महत्ता पर प्रकाश डाला। विद्यालय की परंपरा के अनुरूप अतिथियों को अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। आचार्य विमलेश्वर सिंह जी ने मुख्य अतिथि डॉ. शिव शंकर शुक्ला (दंत चिकित्सक) को सम्मानित किया। विद्यालय की शिक्षिकाओं सुनीता जी, वेदवती जी एवं अंकिता जी ने करियर विशेषज्ञों के रूप में उपस्थित श्रुति सिंह (BPT), आकृति पांडे (M.A. गृह विज्ञान) और चांदनी सिंह (इलेक्ट्रॉनिक इंजीनियर) का सम्मान किया। काउंसलर के रूप में उपस्थित विशेषज्ञों ने अपने-अपने क्षेत्रों के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को सफलता के मंत्र दिए। डॉ. शिव शंकर शुक्ला और श्रुति सिंह ने चिकित्सा और फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं और सेवा भाव के बारे में बताया। चांदनी सिंह ने इंजीनियरिंग के क्षेत्र में नवाचार और भविष्य की चुनौतियों पर चर्चा की। आकृति पांडे ने गृह विज्ञान और उच्च शिक्षा के माध्यम से करियर निर्माण के टिप्स दिए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण जिज्ञासा सत्र रहा। इसमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ विशेषज्ञों से अपने करियर, विषयों के चुनाव और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े सवाल पूछे। विशेषज्ञों ने बेहद सरल और प्रभावी ढंग से विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान किया। लक्ष्य का निर्धारण केवल अंकों के आधार पर नहीं, बल्कि अपनी रुचि और क्षमताओं के आधार पर करना चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों (विद्यार्थियों) में भारी उत्साह देखा गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी आमंत्रित विशेषज्ञों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
सोनभद्र भविष्य की राहें चुनने के लिए सरस्वती विद्या मंदिर ककरी में सजी करियर काउंसलिंग की पाठशाला
Related Posts
Add A Comment

