चोपन/सोनभद्र। आशीष मिश्रा। जनपद सोनभद्र के चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलगुड़वा तिराहे पर रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। एचपी पेट्रोल पंप के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बल्कर ने साइकिल सवार तीन किशोरों को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बल्कर एक किशोर को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, चोपन थाना क्षेत्र के झपरहवा अगरिया बस्ती के रहने वाले तीन किशोर एक ही साइकिल पर सवार होकर किसी काम से जा रहे थे। जैसे ही वे तेलगुड़वा स्थित एचपी पेट्रोल पंप के समीप पहुँचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार भारी वाहन (बल्कर) ने उनकी साइकिल में साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही साइकिल पर सवार दो किशोर आशीष कुमार और रूपेश कुमार छिटककर सड़क किनारे गिर पड़े, जिन्हें मामूली चोटें आईं और वे बाल-बाल बच गए। वहीं, तीसरा किशोर बल्कर के निचले हिस्से में फंस गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और वाहन में फंसे किशोर को करीब 100 मीटर तक घसीटता चला गया। इस भीषण दुर्घटना में गंभीर रूप से कुचल जाने के कारण झपरहवा अगरिया बस्ती निवासी शिव मंगल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। मौका पाकर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही चोपन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों की मदद से पुलिस ने घटना में शामिल बल्कर को अपने कब्जे में लेकर थाने भिजवाया। पुलिस ने मृतक शिव मंगल के शव का पंचनामा भरकर अंत्यपरीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस फरार बल्कर चालक की तलाश में जुट गई है तथा विधिक कार्यवाही की जा रही है। घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
सोनभद्र में दर्दनाक सड़क हादसा अनियंत्रित बल्कर की चपेट में आने से साइकिल सवार किशोर की मौत, दो घायल
Related Posts
Add A Comment

