सोनभद्र / ओबरा। आशीष मिश्रा) सोनभद्र जिले में देर रात हुई झमाझम मूसलाधार बारिश ने एक तरफ जहां भीषण गर्मी व उमस से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नगर निकायों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कलई खोलकर रख दी। देर रात शुरू हुआ तेज बारिश का सिलसिला सुबह तक अनवरत जारी रहा, जिसके चलते सड़कों से लेकर लोगों के घरों और दुकानों तक भारी जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात लगभग 10 बजे अचानक मौसम का मिजाज बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश शुरू हो गई। पूरी रात रुक-रुक कर होती रही भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भराव तेजी से बढ़ने लगा। अचानक हुए जलभराव से लोग अपनी गृहस्थी और सामानों को बचाने के लिए रातभर परेशान रहे और जागकर रात बिताने को मजबूर हुए। जलजमाव के कारण मुख्य मार्गों और गलियों में कई फीट तक पानी भर जाने से सुबह के समय आवागमन पूरी तरह से प्रभावित रहा। उल्लेखनीय है कि जिलाधिकारी सोनभद्र द्वारा पहले ही अलर्ट जारी कर सभी नगर निकायों में नालों की मुकम्मल सफाई कराने के कड़े निर्देश दिए गए थे। लेकिन ओबरा नगर पंचायत में सफाई के नाम पर महज खानापूरी और दिखावा किया गया। एक तरफ प्रदेश सरकार नगरों में जल निकासी और नालों के निर्माण के लिए करोड़ों रुपये का फंड जारी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ ओबरा में सपा नीत नगर पंचायत की उदासीनता के चलते सरकार की गाइडलाइन और दिशा-निर्देशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं, जिसका खामियाजा आज आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। बारिश का सबसे विकराल असर ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र में देखने को मिला ओबरा के सेक्टर 8 से आई तस्वीरों और दृश्यों ने बदहाल व्यवस्था की पूरी दास्तान बयां कर दी। यहाँ नालियों की समय से सफाई न होने के कारण गंदा पानी उफनाकर सड़कों पर तैरता हुआ लोगों के ड्राइंग रूम और रसोई घर तक पहुँच गया। व्यावसायिक क्षेत्रों और आवासीय कॉलोनियों में स्थित दुकानों के भीतर पानी भर जाने से स्थानीय व्यापारियों का भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। इस मूसलाधार बारिश ने नगर पंचायत द्वारा नालियों की सफाई और जल निकासी के नाम पर किए जाने वाले बड़े-बड़े दावों की पोल खोलकर रख दी है। चोक पड़े नालों का बदबूदार गंदा पानी सीधे राहगीरों के रास्तों और रिहाइशी इलाकों में समा गया। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मानसून से पहले नालों की तली-झाड़ सफाई नहीं कराई गई, जिससे यह नौबत आई है। पीड़ित नगरवासियों ने जिला प्रशासन एवं उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि तत्काल प्रभाव से भारी क्षमता वाले पंप लगाकर जल निकासी कराई जाए और जाम पड़ी नालियों की तली-झाड़ सफाई व्यवस्था दुरुस्त की जाए।
सोनभद्र में देर रात मूसलाधार बारिश से हाहाकार सड़कों से लेकर घरों में घुसा गंदा पानी, जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त
Related Posts
Add A Comment

