सोनभद्र। देश में लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोलियम पदार्थों की आसमान छूती कीमतों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में एकत्रित हुए कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी और प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति महोदया को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी (DM) को सौंपकर बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखे सवाल उठाए। नेताओं ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश का हर नागरिक परेशान है। पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हो गई है, जिसके चलते बाजार में हर जरूरी वस्तु के दाम आसमान छू रहे हैं। वहीं, रसोई गैस के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्ग के बजट को पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है और लोगों के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने पहले ही केंद्र सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों को लेकर आगाह किया था, लेकिन सरकार ने विपक्ष की आवाज को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। आज उसी का खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए और कहा कि केंद्र सरकार महंगाई पर नियंत्रण पाने और आम जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जनहित को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस नहीं लिया, तो आने वाले दिनों में कांग्रेस सड़क से लेकर संसद तक अपने इस आंदोलन को और अधिक उग्र व तेज करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सोनभद्र में महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन
Related Posts
Add A Comment

